देवास, नंदकिशोर गुर्जर। गणेश उत्सव के दौरान देवास के कृपालु गणेश पंडाल में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भगवान गणेश की आरती और पूजन-अर्चन करने पहुंचे। उन्होंने भगवान गणेश की पीतल की प्रतिमा का अभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और महाआरती में शामिल हुए।
महाआरती के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की धुन पर पंडाल में मौजूद श्रद्धालु झूमते और गाते नजर आए। इसके बाद उन्होंने भंडारे में श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी का वितरण किया।
इस अवसर पर मंत्री विजयवर्गीय ने लोगों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश की आरती और भंडारे की प्रसादी ग्रहण करने के बाद सभी को संकल्प लेना चाहिए कि आज से किसी भी तरह का नशा नहीं करेंगे। उन्होंने देवास शहर को स्वच्छ और बेहतर बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग करने की अपील भी की।




