दमोह/बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के रजपुर अंतर्गत सादपुर गांव में करंट लगने से एक अधेड़ की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन गंभीर हालत में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटियागढ़ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सादपुर निवासी बल्ला बंजारा अपनी बकरियों को घर के अंदर करने के बाद स्वयं घर में प्रवेश कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने लोहे के दरवाजे को छुआ, जिसमें विद्युत करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगते ही वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े। परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटियागढ़ पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर नीलेश पटेल ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि लोहे के दरवाजे में विद्युत करंट उतरने से यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




