भोपाल। मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां तालाब में डूबने से मासूम भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई है।

सतना जिले के उचेहरा थाना एवं परसमनिया चौकी क्षेत्र की ग्राम पंचायत महाराजपुर के पिपरा गांव में एक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर के पास स्थित तालाब में नहाने गए मासूम भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई।

घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, पिपरा निवासी अरुण सिंह गोंड के 7 वर्षीय पुत्र शुभम गोंड और 5 वर्षीय पुत्री अक्षिता गोंड घर के समीप स्थित तालाब में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए, जिससे वे डूब गए।

काफी देर तक बच्चों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। तलाश शुरू की गई तो ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परसमनिया चौकी प्रभारी संतोष धुर्वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए उचेहरा अस्पताल भेज दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे पिपरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बता दें कि पानी में डूबने से हुई मौत का एक दूसरा मामला 29 जून को झारखंड की राजधानी रांची से सामने आया था, जहां अनगड़ा थाना क्षेत्र के चन्द्राटोली गांव में दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई थी। छोटे भाई को डूबता देख बड़े भाई ने बिना अपनी जान की परवाह किए कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन उसे बचाने की कोशिश में दोनों की जान चली गई।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुखराम मुंडा और उनके छोटे भाई विनोद मुंडा के रूप में हुई है। बताया गया कि सुबह विनोद खेत में स्थित कुएं से पानी निकालने गया था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिरकर डूबने लगा। भाई को संकट में देख सुखराम तुरंत उसे बचाने के लिए कुएं में कूद गया, लेकिन उसकी भी डूबने से मौत हो गई।