नई दिल्ली। महान स्वतंत्रता सेनानी 'पंजाब केसरी' लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए नमन किया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "महान स्वतंत्रता सेनानी एवं 'पंजाब केसरी' लाला लाजपत राय के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि एवं कोटि-कोटि नमन। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र की स्वतंत्रता, स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत की बर्बरता का निर्भीकता से सामना करते हुए देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी 'पंजाब केसरी' लाला लाजपत राय ने अपने ओजस्वी विचारों, अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति से जन-जन में स्वतंत्रता की अलख जगाई। एक ओर उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट कर अन्याय और दमन के विरुद्ध संघर्ष किया, तो दूसरी ओर शिक्षा, स्वदेशी और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की ठोस नींव रखी। उनका संघर्ष भारतीय स्वाधीनता संग्राम के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। बलिदान दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूं।"

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा, "महान स्वतंत्रता सेनानी 'पंजाब केसरी' लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि पर उन्हें अभिवादन।"

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, "मां भारती के ओजस्वी सपूत, महान स्वाधीनता संग्राम सेनानी, स्वराज व स्वदेशी के प्रबल समर्थक, 'पंजाब केसरी' लाला लाजपत राय के बलिदान दिवस पर उनके चरणों में शत-शत नमन करता हूं। आपने राष्ट्र सेवा के माध्यम से जो मंगलकारी विचारों की प्रखर ज्योत प्रज्वलित की है, वह सदैव हम सबको राष्ट्र एवं समाज की उन्नति के लिए प्रेरित करती रहेगी।"

केंद्रीय आवास व शहरी मामलों और बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, "महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, अद्वितीय सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वदेशी के प्रबल पक्षधर 'पंजाब केसरी' लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि पर उन्हें आदरपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मां भारती के अमर सपूत के संघर्षों ने स्वाधीनता के महासमर में राष्ट्र को नई चेतना प्रदान की। स्वावलंबन से स्वराज्य जैसे शाश्वत विचारों से पूरित आपका सम्पूर्ण जीवन हमारा मार्ग सदैव प्रशस्त करता रहेगा।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर लिखा, "स्वदेशी के प्रबल पक्षधर, 'पंजाब केसरी' लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। आपने जन-जन के मन में मां भारती की रक्षा के लिए ऐसी अलख जगाई, जो आजादी के आंदोलन को नई ऊर्जा देने के साथ ही अनेक युवा क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणा बनी। आपका बलिदान सदैव वंदनीय रहेगा।"

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक्स पर लिखा, "भारतीय स्वाधीनता आंदोलन के प्रखर नायक 'पंजाब केसरी' लाला लाजपत राय जी ने अपने क्रांतिकारी विचारों और अटूट राष्ट्रभक्ति से अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध जनचेतना जगाई। मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। लाला लाजपत राय जी के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि एवं कोटि-कोटि नमन।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा, "मां भारती के अमर सपूत, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी 'पंजाब केसरी' लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! स्वाधीनता आंदोलन में उनका अदम्य साहस, प्रखर नेतृत्व और सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र की स्मृतियों में सदैव अमर रहेगा। देश के प्रति उनका समर्पण हम सभी के लिए सदैव वंदनीय एवं प्रेरणादायी है।"

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा, "स्वतंत्रता सेनानी, लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। स्वावलंबन से स्वराज्य का संकल्प जागृत कर उन्होंने अमेरिका तक 'इंडियन होम रूल लीग ऑफ अमेरिका' की चिंगारी सुलगाई। स्वतंत्रता के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।"

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले 'पंजाब केसरी' लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उनके निर्भीक संघर्ष, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की। साइमन कमीशन के विरोध में लाठीचार्ज के दौरान लगी चोटों के बावजूद उनका संघर्ष और बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा।"