छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। नगर परिषद के मीटिंग हॉल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनने के लिए भव्य एवं ऊर्जावान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा प्रधानमंत्री के प्रेरक विचारों को सुना।
कार्यक्रम में चंदला मंडल के नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, भाजपा के वरिष्ठ नेता हरप्रसाद पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक एवं चंदला मंडल प्रभारी लालचंद लालवानी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने उनके मार्गदर्शन और सक्रिय नेतृत्व के लिए फूल-मालाएं पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
सामाजिक एवं धार्मिक आयोजन की साझा की रूपरेखा
कार्यक्रम के पश्चात मंडल प्रभारी लालचंद लालवानी ने आगामी सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा भी साझा की। उन्होंने बताया कि समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से एक भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके तहत विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संत रविदास जी के मंदिर पहुंचेगी। मंदिर में वैदिक रीति-रिवाज के साथ कलश की स्थापना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन में समाज के सभी वर्गों की समरस एवं व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। आयोजन को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों में उत्साह का माहौल है।




