दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले के बटियागढ़ थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सफेद रंग की ब्लैक फिल्म लगी कार से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने अल सुबह बटियागढ़-बकस्वाहा-दमोह मार्ग पर वाहन की जांच के दौरान कार्रवाई को अंजाम दिया।


जानकारी के अनुसार, पुलिस ने संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें करीब 13 पेटी देशी अवैध शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शराब सहित कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की पहचान और अन्य जानकारियां सार्वजनिक नहीं की हैं। प्रारंभिक जांच में अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।