इंदौर। मध्य प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर की खजराना थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर 100 ग्राम से अधिक एमडी (MD) ड्रग्स के साथ एक अंतरजिला तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है। जब्त की गई ड्रग्स और बिना नंबर की मोटरसाइकिल की कुल अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।


एमआर-10 रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर खजराना थाना पुलिस ने एमआर-10 रोड पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 100 ग्राम से ज्यादा एमडी ड्रग्स बरामद हुई। मुख्य आरोपी 26 वर्षीय राहुल परमार, निवासी देवास के रूप में हुई है। आरोपी के पास से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


देवास से लाकर इंदौर में खपाता था नशा

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी राहुल परमार अपनी नशे की लत पूरी करने और जल्द मुनाफा कमाने के लालच में देवास व अन्य आसपास के इलाकों से सस्ते दामों पर एमडी ड्रग्स खरीदता था और इंदौर शहर में महंगे दामों पर बेचता था।


आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) अमर सिंह राठौर ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से भी देवास तथा इंदौर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।


पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसकी कॉल डिटेल और चैट के आधार पर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही इस नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना है।