भोपालमध्य प्रदेश के अशोक नगर जिले के रेल्वे स्टेशन मे लगभग 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कराए गए कार्यो से तस्वीर ही बदल गई है । अशोक नगर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक स्वरूप में विकसित किया गया है। यात्री सुविधाओं, सुगम आवागमन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ बड़े बदलाव किए गए है। योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक, आकर्षक एवं यात्री-केंद्रित स्वरूप प्रदान करने के लिए अनेक विकास कार्य किए गए हैं। सर्कुलेटिंग एरिया का सुधार, बेहतर पार्किंग, नया पोर्च, मुख्य स्टेशन भवन के साथ प्लेटफॉर्म का अपग्रेडेशन और नए प्लेटफॉर्म शेल्टर का निर्माण किया गया है। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल के अंतर्गत आने वाला अशोकनगर रेलवे स्टेशन एनएसजी-5 श्रेणी का स्टेशन है, जिसमें तीन प्लेटफॉर्म हैं तथा प्रतिदिन 50 से अधिक ट्रेनों का संचालन होता है।
वर्तमान में इस स्टेशन पर प्रतिदिन औसतन 6,000 से अधिक यात्री आवागमन करते हैं। पश्चिम मध्य रेल के अंतर्गत अशोक नगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास में आधुनिक सुविधाओं के साथ स्थानीय कला एवं संस्कृति का भी समावेश किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय का निर्माण, बुकिंग काउंटर एवं कॉन्कोर्स एरिया का विकास और मानक साइनेज (दिशा संकेतक) बनाए गए हैं।
नए फुट ओवरब्रिज रैंप और लिफ्ट से यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम व व्यवस्थित हुई है। इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर में विरासत से विकास तक की यात्रा के प्रतीक के रूप में स्थानीय कला एवं संस्कृति को भी स्थान दिया गया है।




