कटनी, प्रवीण तिवारी। लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कटनी जिले के स्लिमनाबाद तहसील अंतर्गत हल्का नंबर-8 के पटवारी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम कौड़ियां निवासी शिवकुमार जायसवाल (52) ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी पत्नी देववती के नाम पर खरीदी गई 1 एकड़ 80 डिसमिल भूमि के सीमांकन के लिए आवेदन किया था। सीमांकन कार्य कराने के एवज में संबंधित पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा द्वारा 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान पटवारी द्वारा रिश्वत लेने की सहमति सामने आने पर लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। सोमवार को आवेदक ने आरोपी पटवारी को उसके निजी किराए के कार्यालय, बोहरीबंद रोड, तहसील स्लिमनाबाद में 5 हजार रुपये की रिश्वत राशि दी। जैसे ही आरोपी ने राशि स्वीकार की, लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपी स्वयं प्रकाश मेहरा (35), पिता शील कुमार मेहरा, पटवारी हल्का नंबर-8 कौड़ियां के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक राहुल गजभिए, टीएलओ निरीक्षक शशिकला मस्कुले तथा लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत तत्काल लोकायुक्त कार्यालय में करें।

