भगवां। छतरपुर जिले के भगवां थाना क्षेत्र के ग्राम कदवां में कुदरत का कहर एक परिवार पर काल बनकर टूटा है। यहाँ एक हृदयविदारक घटना में जनपद सदस्य के पति की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। इस दुखद खबर के बाद से पूरे क्षेत्र और विशेषकर कदवां गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान जनपद सदस्य श्रीमती रम्बू रैकवार (वार्ड नंबर 8, बरेठी) के पति रामदीन उर्फ झगड़ा रैकवार (60 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, रामदीन रैकवार गुरुवार देर शाम अपनी मूंग की फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर स्थित कुएं के पास गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। जब वे खुद को सुरक्षित करने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। बिजली का झटका इतना जोरदार था कि रामदीन की मौके पर ही मौत हो गई। देर रात तक जब रामदीन घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खेत पर उनका निर्जीव शरीर मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल इस घटना की सूचना भगवां थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लिया। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतक रामदीन रैकवार की पत्नी श्रीमती रम्बू रैकवार बरेठी वार्ड नंबर 8 से जनपद सदस्य हैं। एक जनप्रतिनिधि के परिवार में हुई इस आकस्मिक मौत से स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक क्षेत्र के लोगों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है। ग्रामीण इस घटना को एक अपूरणीय क्षति बता रहे हैं।
क्षेत्र में हुई इस दुखद घटना के बाद ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। प्राकृतिक आपदा के तहत होने वाली इस मृत्यु पर राजस्व विभाग द्वारा पंचनामा तैयार कर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बेमौसम बारिश और बिजली गिरने की इन घटनाओं ने एक बार फिर किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



