इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में करीब 300 करोड़ रुपए की जमीन पर कब्जे के आरोप में शराब कारोबारी और एमपी लीग टीम मालवा स्टैलियंस के मालिक सूरज रजक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई अभिनेत्री रेमन कक्कड़ की शिकायत के बाद की गई है।
पीड़िता के अनुसार निपानिया क्षेत्र स्थित सर्वे नंबर 414 की लगभग दो हेक्टेयर जमीन उनकी मां नरेंद्र कौर सलूजा, भाई पुष्पेंद्र और रणधीर सलूजा के नाम पर दर्ज है। आरोप है कि सूरज रजक ने इस जमीन को शराब दुकान खोलने के लिए मांगा था, लेकिन परिवार द्वारा इनकार किए जाने पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की गई।
पहले इस मामले में शिकायत के बावजूद केस दर्ज नहीं हुआ, लेकिन मुख्य सचिव (सीएस) से शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और लसूड़िया थाना में एफआईआर दर्ज की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कथित कब्जे की कोशिश को रुकवाया।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 329(3) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

