मुंबई। अभिनेता और फिल्ममेकर कुणाल खेमू काम के साथ-साथ फिटनेस पर भी पूरा ध्यान देते हैं। बुधवार को अभिनेता ने अपनी फिटनेस की झलकियां शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने 33 पुल-अप्स को अपना बेस्ट बताया है।अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट पोस्ट किया, जिसमें ट्रेनर ने उन्हें 25 पुल-अप्स करने का चैलेंज दिया है।

कुणाल खेमू ने अपनी इस पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने भी शुरुआत में सिर्फ 5 से 8 'रेप्स' (रेपेटिशन) से शुरुआत की थी। इसके साथ ही उन्होंने निरंतर प्रयास और अनुशासन के महत्व पर भी जोर दिया। अभिनेता ने लिखा, "मुझे 25 पुल-अप्स करने को कहा गया था, लेकिन मैंने जवाब में 33 पुल-अप्स कर दिखाए।"

उन्होंने आगे लिखा, "मुझे बाद में एहसास हुआ कि मेरे ट्रेनर आखिरी गिनती भूल गए थे और पिछला वीडियो 31.5 पुल-अप्स पर ही कट हो गया था। इसलिए यह रहा पूरा वीडियो, जिसमें मैंने अपना बेस्ट प्रदर्शन किया है। आज भले ही मैंने 33 पुल-अप्स किए हों, लेकिन मेरी शुरुआत भी महज 5 से 8 रेप्स से ही हुई थी। मैं बस इतना ही कहना चाहता हूं कि निरंतर प्रयास करते रहिए और हर बार अपनी क्षमता थोड़ी बढ़ाते रहिए- ठीक वैसे ही, जैसे हम वेट ट्रेनिंग में धीरे-धीरे वजन बढ़ाते हैं। हमें कदम-दर-कदम हर दिन खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, कम से कम लंबे समय के लिए तो बिल्कुल नहीं। जिंदगी कोई 100 मीटर की रेस नहीं, बल्कि एक मैराथन है।"

कुणाल खेमू की बात करें, तो अभी हाल ही में वह फिल्म 'वाइब' लेकर आए थे, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया है। फिल्म में प्रीति जिंटा ने स्पाई एजेंसी प्रमुख (मैडम एच) के रूप में वापसी की है, वहीं स्पर्श श्रीवास्तव और वंशिका धीर ने भी अपने काम से प्रभावित किया है। इसमें प्रीति जिंटा, कुणाल खेमू, स्पर्श श्रीवास्तव और डेब्यूटेंट वंशिका धीर लीड रोल में हैं। कुणाल के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म दो जिगरी दोस्तों- हार्दिक (कुणाल खेमू) और बग्स (स्पर्श श्रीवास्तव) के इर्द-गिर्द घूमती है। हार्दिक हाल ही में रिहैब सेंटर से बाहर आया है और ड्रग्स के दलदल से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा है। उसका दोस्त बग्स एक बड़ी कंपनी में काम करता है और उसकी मदद करता है।

कहानी में मोड़ तब आता है जब ये दोनों आम इंसान एक खुफिया आतंकवादी साजिश और इंटेलिजेंस एजेंसी 'वाइब' के मिशन में फंस जाते हैं, जहां देश को बचाने की जिम्मेदारी अनजाने में इन दोनों पर आ जाती है।