मसूरी/देहरादून। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने पहाड़ों की रानी मसूरी के खूबसूरत वादियों में वैवाहिक बंधन में बंधकर अपने जीवन की नई पारी की शुरुआत की है। इस हाई-प्रोफाइल शादी में सबसे अधिक चर्चा का केंद्र बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की मौजूदगी रही। महाराज श्री विशेष रूप से कुलदीप को आशीर्वाद देने समारोह में पहुंचे, जिससे इस विवाह में क्रिकेट और आध्यात्मिकता का एक दुर्लभ दृश्य देखने को मिला।


शादी समारोह के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नवदंपति को सफल और खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। आपको बता दें कि कुलदीप यादव काफी समय से बागेश्वर धाम और महाराज श्री के प्रति गहरी आस्था रखते हैं और अक्सर अपनी सफलता के बाद आशीर्वाद लेने धाम जाते रहते हैं। यही कारण रहा कि अपनी शादी के खास मौके पर उन्होंने महाराज श्री को विशेष रूप से आमंत्रित किया था।


मसूरी में आयोजित इस निजी समारोह में परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों के अलावा खेल जगत की कई हस्तियों ने शिरकत की, लेकिन बागेश्वर सरकार के आगमन ने इस आयोजन को सुर्खियों में ला दिया। सोशल मीडिया पर भी कुलदीप और महाराज श्री की तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं। प्रशंसकों ने इस 'चाइनामैन' गेंदबाज को उनकी नई पारी के लिए ढेरों बधाइयां दी हैं।