कोलकाता। कोलकाता के सरकारी एनआरएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में गुरुवार को एक्स-रे कक्ष की छत का एक हिस्सा गिर गया। हादसे के दौरान वहां मौजूद मरीज और स्वास्थ्यकर्मी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद अस्पताल के भवनों के रखरखाव को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

अस्पताल के एक अधिकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह रेडियोलॉजी विभाग के कमरा नंबर दो में हुई, जहां एक मरीज का एक्स-रे किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा नीचे गिर गया। मरीज और ड्यूटी पर मौजूद तकनीशियन समय रहते वहां से हट गए, जिससे किसी को चोट नहीं आई। छत गिरने की तेज आवाज से विभाग में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

इस घटना ने अस्पताल के बुनियादी ढांचे और भवनों के रखरखाव को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। सवाल उठ रहे हैं कि क्या नियमित निरीक्षण और मरम्मत के अभाव में अस्पताल में मरीजों तथा स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा जोखिम में पड़ रही है।

डॉक्टरों के एक संगठन के नेता ने घटना को गंभीर बताते हुए अस्पताल भवनों के नियमित रखरखाव की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "यह बहुत भयावह घटना है। अच्छा हुआ कि स्वास्थ्यकर्मी बच गए, अन्यथा उन्हें गंभीर चोट लग सकती थी। अस्पताल भवन के रखरखाव का मुद्दा बार-बार उठाया गया है। नियमित रखरखाव जरूरी है।"

वहीं, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखर्जी ने कहा कि सरकार ने घटना का संज्ञान लिया है और छत गिरने के कारणों की जांच कर रही है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हमें इस घटना की जानकारी मिली है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है और हम यह पता लगा रहे हैं कि आखिर क्या हुआ। पिछले 15 दिनों से हम लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से अस्पतालों में मरम्मत की जरूरत वाले स्थानों का आकलन करने को कह रहे हैं। ऐसे चिकित्सा संस्थानों की सूची तैयार की जा रही है।"

मंत्री ने कहा कि सरकार उन अस्पतालों की पहचान करने के लिए कदम उठा रही है, जहां मरम्मत की जरूरत है, ताकि आवश्यक कार्य जल्द से जल्द कराया जा सके।