छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। नौगांव के विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने केंद्रीय विद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। विद्यालय परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति रही।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने फीता काटकर विद्यालय का उद्घाटन किया तथा परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें पेन और टॉफियां वितरित कीं। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध होगी। उन्होंने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर अध्ययन करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य नारायण सिंह ने बताया कि 10 जुलाई से विद्यालय का औपचारिक संचालन प्रारंभ हो गया है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र में बाल वाटिका-1, बाल वाटिका-2, बाल वाटिका-3 तथा कक्षा 1 से 5 तक की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में चरणबद्ध तरीके से उच्च कक्षाओं का संचालन भी शुरू किया जाएगा।
केंद्रीय विद्यालय के शुभारंभ से नौगांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को केंद्रीय विद्यालय संगठन की उत्कृष्ट शिक्षा प्रणाली एवं आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने विद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए खुशी व्यक्त की।




