नई दिल्ली। बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में कीमो पॉल निजी कारणों के चलते वेस्टइंडीज टीम का हिस्सा नहीं होंगे। पॉल की जगह इस सीरीज के लिए शमर स्प्रिंगर को टीम में शामिल किया गया है। कीमो पॉल निजी और पारिवारिक कारणों के चलते स्वदेश लौटेंगे। स्प्रिंगर ने अब तक वेस्टइंडीज के लिए टेस्ट में अपना डेब्यू नहीं किया है। वह कैरेबियाई टीम की ओर से तीन वनडे और 12 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 18 विकेट चटकाए हैं। वह बल्ले से भी अहम योगदान देने के लिए जाने जाते हैं।
टी20 में उन्होंने 168 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 116 रन बनाए हैं। वहीं, फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में वह 1043 रन बनाने के साथ-साथ 58 विकेट भी निकाल चुके हैं।
वेस्टइंडीज चैंपियनशिप 2026 में बल्ले से उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने बारबाडोस के लिए चार मैचों में 50.20 की औसत से 251 रन बनाए। गेंदबाजी में उनका प्रदर्शन उतना प्रभावी नहीं रहा था, जहां उन्होंने आठ पारियों में 42.00 की औसत से सात विकेट लिए।
बांग्लादेश सीरीज से पहले वेस्टइंडीज की टीम में खिलाड़ियों की कमी और बढ़ गई है, क्योंकि पॉल भी बाहर हो गए हैं। व्हाइट-बॉल कप्तान शाई होप को आराम दिया गया है, जबकि वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ को टीम में नहीं रखा गया है। पॉल को शुरुआत में जोसेफ की जगह टीम में शामिल किया गया था।
वेस्टइंडीज टेस्ट टीम बांग्लादेश दौरे की शुरुआत 22 से 24 अक्टूबर तक ढाका में होने वाले तीन दिवसीय वॉर्मअप मैच से करेगी। सीरीज का पहला टेस्ट 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मीरपुर में खेला जाएगा, और इसके बाद 5 से 9 नवंबर तक सिलहट में दूसरा टेस्ट खेला जाना है।
वेस्टइंडीज का अपडेटेड स्क्वॉड: रोस्टन चेज (कप्तान), जोमेल वारिकन (उपकप्तान), जोशुआ बिशप, जॉन कैंपबेल, टैगेनारिन चंद्रपॉल, जोशुआ दा सिल्वा (विकेटकीपर), जस्टिन ग्रीव्स, केवम हॉज, अमीर जांगू (विकेटकीपर), शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, केमर रोच, जेडन सील्स, शमर स्प्रिंगर और केविन विकम।















