देहरादून। उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया यानी 'बीटल्स आश्रम' में जल्द ही एक इंटरनेशनल फिल्म प्रोजेक्ट की शूटिंग हो सकती है। मशहूर ब्रिटिश म्यूजिक बैंड 'द बीटल्स' के चारों सदस्यों की जिंदगी और उनके म्यूजिक सफर पर आधारित इस प्रोजेक्ट का नाम 'क्लोवर ' है। रविवार को इंटरनेशनल फिल्ममेकर्स के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की और राज्य में इसकी शूटिंग को लेकर चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस प्रोजेक्ट की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश के ऐतिहासिक 'बीटल्स आश्रम' में प्रस्तावित है। इस प्रोजेक्ट को ऑस्कर विनर फिल्ममेकर सैम मेंडेस डायरेक्ट कर रहे हैं। वहीं, इसका प्रोडक्शन नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस की ओर से सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट और एप्पल कॉर्प्स के साथ मिलकर किया जा रहा है।

इस प्रोजेक्ट में चार अलग-अलग फिल्में हैं। हर फिल्म में ब्रिटिश बैंड 'द बीटल्स' के चार सदस्यों में से एक की जिंदगी और उनके म्यूजिक सफर को दिखाया जाएगा। 'द बीटल्स : ए फोर फिल्म सिनेमैटिक इवेंट' नाम से तैयार हो रही सीरीज को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ऋषिकेश में होने वाली इस शूटिंग में सौ से ज्यादा इंटरनेशनल क्रू मेंबर्स और करीब 150 भारतीय क्रू मेंबर्स शामिल होंगे। इसके अलावा, स्थानीय टेक्नीशियन और सपोर्ट स्टाफ भी प्रोडक्शन का हिस्सा बनेंगे। भारत में प्रोडक्शन एक्टिविटीज को 'ऑन द रोड इंडिया' को-ऑर्डिनेट कर रहा है।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान के मुताबिक, ''इस प्रोजेक्ट से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए मौके पैदा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही, इससे इलाके के होटल, ट्रांसपोर्ट और दूसरे कमर्शियल सेक्टर को भी फायदा मिल सकता है।''

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के साथ अलग-अलग तरह की लोकेशन्स के कारण देश में फिल्म शूटिंग के लिए एक खास जगह के रूप में उभरा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की 'फिल्म पॉलिसी 2024' के तहत फिल्ममेकर्स को शूटिंग के लिए अनुकूल माहौल और जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा भारतीय और इंटरनेशनल फिल्म प्रोजेक्ट्स को उत्तराखंड लाना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, टेक्नीशियन और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।

धामी ने ऋषिकेश की वैश्विक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि यह शहर योग और आध्यात्मिकता के प्रमुख केंद्र के रूप में जाना जाता है। इसका ब्रिटिश बैंड 'द बीटल्स' के साथ ऐतिहासिक जुड़ाव भी रहा है।

सीएमओ के बयान में कहा गया, ''इस इंटरनेशनल प्रोजेक्ट की शूटिंग से उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को दुनियाभर में पहचान मिलने के साथ राज्य में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।''

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में ब्रिटिश फिल्म प्रोड्यूसर और बाफ्टा अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट हो चुकीं एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म प्रोड्यूसर दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।