भोपाल, जीतेन्द्र यादव। कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने प्रदेश सरकार और भाजपा के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय एक योग्य, अनुभवी और वरिष्ठ मंत्री हैं, लेकिन वर्तमान सरकार ने उन्हें उपेक्षित कर रखा है। उन्होंने दावा किया कि विजयवर्गीय को विभाग तो सौंप दिया गया है, लेकिन उनकी स्थिति ऐसी है कि वे चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों तक का तबादला नहीं करा पा रहे हैं।
डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि उन्हें भी इस स्थिति की जानकारी है और इससे स्पष्ट होता है कि सरकार में उनकी बात को अपेक्षित महत्व नहीं मिल रहा है। उन्होंने इसे सरकार के भीतर की कार्यशैली का उदाहरण बताया।
वहीं, कांग्रेस की पीएसी बैठक में उठे कथित "स्लीपर सेल" के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी पार्टी में नेता अपनी भावनाएं और विचार खुलकर व्यक्त करते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह नहीं मानते कि कांग्रेस में कोई स्लीपर सेल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां सभी नेताओं को अपनी बात रखने की पूरी स्वतंत्रता है। पार्टी के भीतर विचार-विमर्श और मतभेद लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा हैं, इन्हें किसी अन्य रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।




