छतरपुर/बकस्वाहा। नगर के बीचों-बीच स्थित प्राचीन बांके बिहारी जी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान के दर्शन किए। इस दौरान भजन मंडली ने धार्मिक भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिस पर महिलाएं और युवा जमकर झूमे। ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
जन्माष्टमी को लेकर मंदिर को आकर्षक साज-सज्जा और रोशनी से सजाया गया था। दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचे। बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। रात 12 बजे जन्मोत्सव के बाद पूजा-अर्चना कर प्रसाद का वितरण किया गया। देर रात तक चले आयोजन में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।




