छतरपुर, संदीप यादव। जिले की थाना ओरछा रोड पुलिस ने ग्राम धमौरा में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर अंतराज्जीय चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण और घटना में प्रयुक्त हुंडई एक्सटर कार सहित कुल 24 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी 14 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त है और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित चोरी व हत्या के प्रयास के कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस कंट्रोल रूम में मामले का खुलासा करते हुए एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि 9 सितंबर 2026 को ग्राम धमौरा निवासी विजय सिंह यादव के घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट थाना ओरछा रोड में दर्ज कराई गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छतरपुर रजत सकलेचा के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने भौतिक व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी चरण अहिरवार पिता सुम्मी अहिरवार, निवासी ग्राम देवथा, थाना अलीपुरा, हाल छुई खदान छतरपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी के कब्जे से धमौरा से चोरी किए गए बड़ा हार, छोटा हार, दो अंगूठियां, चार सोने की चूडिय़ां, चांदी की पायल व कमरबंद सहित अन्य आभूषण जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 15 लाख रुपये से अधिक है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त हुंडई एक्सटर कार भी बरामद की गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुलाई माह में थाना लवकुशनगर की चौकी पठा अंतर्गत ग्राम हिनौता में भी चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी झांसी, निवाड़ी, महोबा और छतरपुर के विभिन्न थानों में दर्ज कई गंभीर अपराधों में लिप्त रहा है। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी तथा थाना ओरछा रोड व अलीपुरा पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।