चिसीनाउ। राष्ट्रपति मुर्मु की मोल्दोवा यात्रा के दौरान सोमवार को उनकी समकक्ष राष्ट्रपति मैया सैंडू ने भारत को एक भरोसेमंद और अहम दोस्त बताया। सैंडू ने कहा क‍ि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है।

राष्ट्रपति सांडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, "राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का स्वागत करके मुझे खुशी हुई। यह पहली बार है जब भारत के किसी राष्ट्राध्यक्ष ने मोल्दोवा का दौरा किया है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और हमारा एक अहम दोस्त है। हम मिलकर ऐसी साझेदारी बना रहे हैं, जिससे दोनों देशों के लोगों को सीधे फायदा मिलेगा।"

दुनिया में बढ़ती अस्थिरता के बीच भारत और मोल्दोवा के रिश्तों की अहमियत पर बात करते हुए मैया सैंडू ने कहा कि दोनों लोकतांत्रिक देश आजादी, सम्मान और लोगों की भलाई जैसे साझा मूल्यों से जुड़े हुए हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मैया सैंडू ने कहा कि मोल्दोवा सहयोग और भरोसेमंद साझेदारी का रास्ता चुन रहा है। उन्होंने कहा कि भारत और मोल्दोवा अपने साझा लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर मजबूत रिश्ते बना सकते हैं।

उन्होंने कहा, "हम दोनों लोकतांत्रिक देश हैं। एक बहुत बड़ा है और दूसरा छोटा, लेकिन हम आजादी, सम्मान और लोगों की भलाई के लिए काम करने जैसे एक ही मूल्यों को मानते हैं। मोल्दोवा में आपको हमेशा एक भरोसेमंद दोस्त मिलेगा।"

राष्ट्रपति मुर्मु ने मोल्दोवा की संसद का भी दौरा किया। वहां उन्होंने संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसु और भारत-मोल्दोवा संसदीय मित्रता समूह के सदस्यों से मुलाकात की।

बैठक के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु ने भरोसा जताया कि भारत और मोल्दोवा के नेता आगे भी दोनों देशों के बीच मजबूत, भविष्य को ध्यान में रखने वाली और दोनों के लिए फायदेमंद साझेदारी को और आगे बढ़ाएंगे। यह जानकारी राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी बयान में दी गई।

विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने राष्ट्रपति की इस राजकीय यात्रा पर आयोजित विशेष मीडिया ब्रीफिंग में कहा, "इन बैठकों से यह साफ हुआ कि संसदीय लोकतंत्र दोनों देशों के बीच आपसी समझ बढ़ाने, संस्थागत रिश्तों को मजबूत करने और दोनों लोकतांत्रिक समाजों को एक-दूसरे के और करीब लाने में अहम भूमिका निभाता है।"

मोल्दोवा राष्ट्रपति मुर्मु की तीन देशों की यात्रा का पहला पड़ाव है। इसके बाद वह उत्तर मैसिडोनिया और रोमानिया जाएंगी, जहां उनकी कई अहम स्तर की बैठकें और कार्यक्रम तय हैं।