छतरपुर, संदीप यादव। भगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम घुवारा निवासी एक पीडि़त महिला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुवारा के ड्यूटी डॉक्टर और उनके स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई है।

आवेदिका अनीता अहिरवार ने मंगलवार को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि 30 जून 2026 की रात करीब 12 बजे वह अपने बीमार भांजे थोवन और बच्चों को लेकर अस्पताल इलाज कराने गई थी। आरोप है कि वहां तैनात डॉक्टर आनंद यादव अपने स्टाफ के साथ शराब पी रहे थे और जब महिला ने इलाज के लिए कहा, तो उन्होंने जातिसूचक गालियां देते हुए उपचार करने से साफ इनकार कर दिया। विरोध करने पर डॉक्टर और उनके स्टाफ ने महिला के साथ लात-घूसों से बेरहमी से मारपीट कर उसकी लज्जा भंग की और बीच-बचाव करने आए उसके बेटे आकाश, भांजे थोवन व अंकित को भी बुरी तरह पीटा। पीडि़ता का आरोप है कि घटना की शिकायत तत्काल स्थानीय पुलिस चौकी और 4 जुलाई को एसडीओपी बड़ामलहरा से भी की गई, लेकिन अब तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। हताश होकर पीडि़ता ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज जब्त करने, घायलों का मुलाहजा कराने और शासकीय पद का दुरुपयोग करने वाले आरोपी डॉक्टर व स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की है।