भंवरकुआ में मानसिक विक्षिप्त महिला से मारपीट, 6 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा । सोशल मीडिया पर फैल रही बच्चा चोरी की अफ़वाहों ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। मध्य प्रदेश के इंदौर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को बच्चा चोर समझकर भीड़ ने बेरहमी से पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। मारपीट का वीडियो वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया।
डेढ़ साल से लापता थी महिला, वीडियो से मिला सुराग
जानकारी के अनुसार, पीड़िता महिला पिछले डेढ़ साल से मेरठ से लापता थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जो किसी तरह महिला के परिजनों तक पहुंचा। वीडियो देखकर परिजनों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद महिला की पहचान हुई और उसे सकुशल बरामद कर लिया गया।
वीडियो बना सबूत, 6 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
यह पूरा मामला भंवरकुआ थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मारपीट का संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया और वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में शिव, राजेश, प्रशांत सहित तीन महिलाएं—शीला, ज्योति और संगीता शामिल हैं।
एडिशनल डीसीपी का बयान
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और डेढ़ साल से अपने परिवार से बिछड़ी हुई थी। वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों का संपर्क हुआ, जिसके बाद महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
अफ़वाहों से सावधान रहने की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफ़वाहों पर विश्वास न करें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि निर्दोष लोगों को इस तरह की हिंसा का शिकार न होना पड़े।
