बीजिंग। हाल के वर्षों में चीन और शांगहाई सहयोग संगठन (एससीओ) के अन्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक और व्यापारिक आदान‑प्रदान लगातार बढ़ रहा है।

सीमा शुल्क आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष के पहले सात महीनों में एससीओ के अन्य सदस्य देशों के साथ चीन का आयात-निर्यात 24.2 खरब युआन रहा, जो गत वर्ष की समान अवधि से 14.9 प्रतिशत ज्यादा है। द्विपक्षीय सहयोग मजबूत लचीलापन और ऊर्जा प्रदर्शित कर रहा है।

हाल में ऑटोमोटिव पार्ट्स से भरी चीन-किर्गिस्तान-उज्बेकिस्तान सड़क-रेल संयुक्त परिवहन की अंतर्राष्ट्रीय मालगाड़ी एससीओ (ल्यानयुनकांग) अंतर्राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स पार्क से रवाना हुई, जो 15 दिनों में किर्गिस्तान पहुंचेगी। यह कुशल और निर्बाध अंतर्राष्ट्रीय परिवहन मार्ग एससीओ के सदस्य देशों को चीन के विद्युत-यांत्रिक उत्पादों के निर्यात को काफी हद तक बढ़ाएगा।

आंकड़ों से पता चला कि इस वर्ष के पहले सात महीनों में चीन ने एससीओ के अन्य सदस्य देशों को 9 खरब 98 अरब 35 करोड़ युआन के विद्युत-यांत्रिक उत्पादों का निर्यात किया, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 15.7 प्रतिशत बढ़ा है और इसी अवधि में एससीओ के सदस्य देशों को किए गए कुल निर्यात मूल्य का 63.1 प्रतिशत हिस्सा है।

ऑटोमोटिव पार्ट्स, निर्माण मशीनरी और बिजली उपकरण जैसे चीनी विद्युत-यांत्रिक उत्पादों का इस्तेमाल व्यापक रूप से एससीओ देशों के बुनियादी ढांचे के उन्नयन, परिवहन सुविधाओं के विकास और जन‑कल्याण परियोजनाओं आदि में हो रहा है।

साथ ही, चीन लगातार एससीओ के सदस्य देशों से विशेष कृषि उत्पादों का आयात बढ़ा रहा है, ताकि घरेलू उपभोक्ता बाजार में आपूर्ति विविध हो सके।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)