हरपालपुर, ​शिवम सोनी। छतरपुर जिले के हरपालपुर क्षेत्र से सोशल मीडिया पर एक सनसनीखेज वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने बहुप्रतीक्षित बायपास सड़क निर्माण की आड़ में चल रहे अवैध उत्खनन के बड़े खेल की पोल खोल दी है। वायरल वीडियो में आक्रोशित ग्रामीण एक निर्माण कंपनी के कर्मचारी को घेरकर उसकी कथित तौर पर पिटाई करते नजर आ रहे हैं। यह घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे गुढ़ो गांव के समीप की बताई जा रही है, जहां रात के सन्नाटे में पहाड़ काटकर मुरम की अवैध निकासी और उसकी बिक्री की जा रही थी। ग्रामीणों द्वारा विरोध जताए जाने पर जब कर्मचारियों ने धौंस दिखाई, तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।


₹84 करोड़ का बायपास प्रोजेक्ट, हरियाणा की पेटी कंपनी पर मनमानी का आरोप

हरपालपुर नगर में लंबे समय से बहुप्रतीक्षित करीब 84 करोड़ रुपये की लागत से बायपास सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मुख्य ठेका स्नेल इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के पास है, जिसने पत्थर और मुरम के पहाड़ की कटिंग का जिम्मा हरियाणा की एक पेटी (सब-कॉन्ट्रैक्ट) कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंप रखा है। स्थानीय ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि यह पेटी कंपनी बायपास निर्माण की आड़ में बड़े पैमाने पर पहाड़ों का अवैध सीना चीर रही है और सरकारी संपदा की खुली लूट कर करोड़ों रुपये का अवैध मुनाफा कमाने में जुटी है।


दे​खिए मारपीट का वीडियो



यह भी पढ़ें:

हवाई नक्शे पर चमकेगा बुंदेलखंड:खजुराहो से शुरू होंगी किफायती उड़ानें, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने खजुराहो एयरपोर्ट को दी उड़ान योजना की औपचारिक पात्रता


प्रोजेक्ट की मुरम बाजार और रेलवे दोहरीकरण में खपाने का सनसनीखेज आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि खनिज विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की कथित मिलीभगत और अनदेखी के चलते बायपास से निकलने वाले मटेरियल का उपयोग तय निर्माण कार्य में करने के बजाय खुले बाजार में बेचा जा रहा है। आरोप है कि यह मुरम नगर के निजी खरीदारों, कॉलोनाइजरों और ढाबा संचालकों को 5,000 रुपये प्रति डंपर के हिसाब से खुलेआम बेची जा रही है। इतना ही नहीं, सरकारी प्रोजेक्ट के नाम पर खोदी जा रही इस बेशकीमती मुरम को रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य में भी सप्लाई कर बड़ा खेल खेला जा रहा है। लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा असंतोष सुलग रहा था।


यह भी पढ़ें:

शिविर में खाली कुर्सियां देख भड़के विधायक:अफसरों की लगाई क्लास; बोले- मेरे घर भीड़ लगना कोई उपलब्धि नहीं, आपकी नाकामी है


हरपालपुर थाने पहुंची शिकायत, पुलिसिया कार्रवाई पर टिकीं निगाहें

घटना के बाद ग्रामीणों ने हरपालपुर थाना पुलिस को मामले की लिखित सूचना देकर कंपनी और उसके कर्मचारियों की दबंगई की शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का आरोप है कि बाहरी कंपनी के कर्मचारी आए दिन गांव के लोगों को डराते-धमकाते और प्रताड़ित करते हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और भारी हंगामा मचने के बाद भी खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो और ग्रामीणों के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस और खनिज विभाग इस अवैध उत्खनन सिंडिकेट पर क्या कानूनी कार्रवाई करते हैं।