अमरपाटन,नरेन्द्र पटेल। मध्यप्रदेश के अमरपाटन औद्योगिक क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। राजभान कोल की गला रेतकर की गई निर्मम हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधों की कहानी सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में दिलीप पटेल और बृजेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी और मुख्य आरोपी दिलीप पटेल के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। मृतक इस रिश्ते में बाधा बन रहा था, जिसके चलते आरोपियों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत राजभान को शराब पार्टी के बहाने बुलाया गया, जहां देर रात नशे की हालत में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। शराब की बोतल तोड़कर उसके धारदार हिस्से से गला रेत दिया गया और पहचान मिटाने के लिए चेहरे को कुचलने का प्रयास किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद मुख्य आरोपी ने खुद को बचाने के लिए चालाकी दिखाते हुए परिजनों को शव मिलने की सूचना दी, ताकि मामला सामान्य या अज्ञात हमलावरों का लगे। हालांकि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक वर्ष पूर्व हुई थी शादी
मृतक राजभान कोल निवासी मोहरिया जगन्नाथ की शादी करीब एक वर्ष पूर्व साधना कोल से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी से पहले ही साधना का दिलीप पटेल उर्फ कल्लू के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो शादी के बाद भी जारी रहा। आरोपी प्रेमी ससुराल भी आता-जाता था। पति को इस रिश्ते पर शक होने लगा था, जिसके चलते उसे रास्ते से हटाने के लिए आरोपी ने साजिश रचकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

