छतरपुर, विनोद मिश्रा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गौरैया गांव में मां की डांट से आहत होकर एक नाबालिग लड़की द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन करने का मामला सामने आया है। गंभीर अवस्था में परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग की मां ने उसे घर का काम नहीं करने पर डांट दिया था। इससे नाराज होकर किशोरी ने घर में गेहूं के भंडारण के लिए रखी जहरीली दवा का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद जब वह घर में दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान वह खेत में अचेत अवस्था में मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद मां ने भावुक होकर कहा कि माता-पिता बच्चों की भलाई के लिए ही उन्हें डांटते हैं, लेकिन बच्चों को किसी भी परिस्थिति में ऐसा आत्मघाती कदम नहीं उठाना चाहिए। मामले की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।




