भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की तैयारी के बीच राजधानी भोपाल में इसके समर्थन में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं। इन होर्डिंग्स में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उस बयान को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था, "राम एक शादी करेगा तो रहीम भी एक ही शादी करेगा।" यह संदेश यूसीसी को लेकर सरकार के स्पष्ट रुख को दर्शाता है।


भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा ने मालवीय नगर स्थित अपने कार्यालय सहित राजधानी के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगवाकर केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। होर्डिंग्स के माध्यम से समान नागरिक संहिता को सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।


गौरतलब है कि भोपाल के जगदीशपुर में आयोजित होने वाली कैबिनेट बैठक के एजेंडे में समान नागरिक संहिता (UCC) का प्रस्ताव शामिल होने की जानकारी सामने आई है। माना जा रहा है कि सरकार इस संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती है।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि समान नागरिक संहिता को प्रदेश में लागू करने की दिशा में सरकार गंभीर है और इसे इसी मानसून सत्र में लागू करने की तैयारी की जा रही है। अब सभी की निगाहें कैबिनेट की बैठक और आगामी मानसून सत्र पर टिकी हुई हैं।