सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्लू) राज्य की पुलिस ने बताया कि सिडनी के उत्तर-पश्चिम में रविवार दोपहर को एक हिट-एंड-रन घटना के बाद कथित तौर पर भागने के बाद एक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया।आपातकालीन सेवाओं को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:30 बजे सिडनी के सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट से लगभग 22 किमी उत्तर-पश्चिम में स्थित कार्लिंगफोर्ड के फर्नडेल एवेन्यू में बुलाया गया, जहां एक पैदल यात्री को कार से टकराने की सूचना मिली थी। एनएसडब्ल्यू पुलिस ने एक बयान में यह जानकारी दी।
एनएसडब्ल्यू पुलिस ने बताया कि अधिकारियों को पता चला कि एक वैन ने एक पैदल यात्री को टक्कर मार दी। घटना के बाद वैन का चालक कथित तौर पर पैदल ही मौके से भाग गया।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में एक 34 साल का पैदल यात्री वैन के नीचे फंस गया था। बाद में फिर आपातकालीन सेवाओं ने पीड़ित को बाहर निकाला। इसके बाद एनएसडब्ल्यू एम्बुलेंस के पैरामेडिक्स ने मौके पर ही उसका इलाज किया।
पुलिस ने बताया कि उसे आगे के इलाज के लिए गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। नजदीकी झाड़ियों में तलाशी के बाद पुलिस ने 29 साल के चालक को कथित तौर पर गिरफ्तार कर लिया और उसे पुलिस स्टेशन ले गई।
पुलिस ने घटनास्थल पर क्राइम सीन स्थापित कर घटना की जांच शुरू कर दी है। इससे पहले 19 अगस्त को ऑस्ट्रेलियाई राज्य क्वींसलैंड में छह घंटे के भीतर अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई थी और एक अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
क्वींसलैंड पुलिस सेवा (क्यूपीएस) ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि बुधवार रात स्थानीय समयानुसार शाम करीब 7:35 बजे ब्रिस्बेन के दक्षिणी उपनगर में एक 27 साल के शख्स की गाड़ी सड़क से उतरकर एक पेड़ से टकरा गया। इस घटना में व्यक्ति की मौत हो गई।
इससे पहले बुधवार को क्यूपीएस ने कहा था कि ब्रिस्बेन से 50 किमी उत्तर में स्थित छोटे से शहर वामुरान में दोपहर करीब 2 बजे तीन वाहनों की टक्कर में 63 साल की महिला की मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि महिला उन दो लोगों में से एक थी जो अपने पार्क किए गए वाहनों के बाहर खड़ी थीं, तभी तीसरी कार ने उन्हें और वाहनों को टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की जांच में 22 साल का एक युवक पुलिस की मदद कर रहा है।
पुलिस ने बताया कि एक 72 साल की महिला की गाड़ी दोपहर करीब 1:55 बजे पास के शहर आर्मस्ट्रांग क्रीक में एक यूटिलिटी वाहन से टकरा गई। इस घटना में महिला की मौत हो गई।
यूटिलिटी वाहन की चालक, 54 साल की महिला को घायल अवस्था में ब्रिस्बेन के एक अस्पताल में ले जाया गया। नवीनतम आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बुधवार तक 2026 में अब तक क्वींसलैंड की सड़कों पर हुई घटनाओं में 202 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2025 और 2024 में इसी अवधि में यह संख्या 187 थी। पुलिस ने कहा कि बुधवार की तीनों घटनाओं की जांच जारी है।




