सतना/ऊचेहरा। मध्य प्रदेश के सतना जिले के ऊचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसमनिया गढ़ी में गुरुवार को एक सनसनीखेज और हाईप्रोफाइल गोलीकांड की वारदात सामने आई है। यहां आपसी विवाद के चलते नागौद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह को गोली मार दी गई। गोली योगिता सिंह के पेट में लगी है, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें लहूलुहान हालत में तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी अत्यंत नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। इस वारदात से समूचे इलाके में भारी तनाव और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता योगिता सिंह गुरुवार को अपने बेटे और भाई के साथ कुछ काम से परसमनिया गढ़ी पहुंची थीं। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद सुनीता सिंह परिहार नामक महिला से उनका किसी बात को लेकर तीखा विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि बात आपे से बाहर हो गई। आरोप है कि विवाद के चरम पर पहुंचने पर आक्रोशित सुनीता सिंह परिहार ने आव देखा न ताव, सीधे पिस्तौल निकालकर योगिता सिंह पर फायर झोंक दिया। गोली सीधे योगिता सिंह के पेट में जा धंसी और वे चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ीं। गोली चलने की आवाज से गढ़ी परिसर में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए घायल योगिता सिंह को संभाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें रीवा रेफर किया गया। वर्तमान में रीवा में डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उनका गहन उपचार जारी है।
इस रसूखदार परिवार से जुड़े गोलीकांड की सूचना मिलते ही ऊंचेहरा थाना पुलिस और जिले के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला सुनीता सिंह परिहार को घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पीड़िता और उनके परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ हत्या के प्रयास (अटेम्प्ट टू मर्डर) सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न संगीन धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन या किसी अन्य पुराने मसले को लेकर लंबे समय से आंतरिक रंजिश और विवाद चला आ रहा था। इससे पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज और मारपीट की शिकायतें स्थानीय पुलिस थाने तक पहुंच चुकी थीं, लेकिन समय रहते पुलिस द्वारा ठोस कदम न उठाए जाने के कारण आज यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। ऊंचेहरा थाना पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध हथियार जब्त कर लिया है और विवाद की मुख्य वजहों सहित घटना के हर एक पहलू की बारिकी से जांच कर रही है। विधायक परिवार से जुड़े इस मामले के बाद से पूरे सतना जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भारी सनसनी फैली हुई है।

