भोपाल। राजधानी भोपाल में आबकारी विभाग ने अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक बेहद संगठित और हाई-प्रोफाइल गिरोह का भंडाफोड़ किया है। विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए तस्करी के इस नेटवर्क को संचालित करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ के बाद आबकारी विभाग के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं, जिससे भोपाल के पॉश इलाकों जैसे अरेरा कॉलोनी, चार इमली और बड़े घरानों की निजी पार्टियों में होने वाली अवैध विदेशी शराब सप्लाई के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। आबकारी टीम ने आरोपियों के कब्जे से थार (Thar) समेत 4 लग्जरी कारें और लगभग 30 लाख रुपये कीमत की महंगी विदेशी शराब जब्त की है। पूरे नेटवर्क से जब्त वाहनों और मदिरा का कुल मूल्य 60 लाख रुपये से अधिक आंका गया है।
गांधीनगर में रैकी के बाद हत्थे चढ़ा पति, कार से मिली 81 लीटर शराब
मामले की जानकारी देते हुए आबकारी अधिकारियों ने बताया कि पिछले 15 दिनों से शहर के पॉश इलाकों में अवैध रूप से महंगी विदेशी शराब की डिलीवरी किए जाने की गोपनीय सूचना मिल रही थी। सटीक मुखबिरी के आधार पर आबकारी टीम ने रैकी की और सादे कपड़ों में गांधीनगर स्थित पंचवटी कॉलोनी में दबिश दी। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी राहुल यादव उर्फ रवि को एक कार से अवैध शराब का परिवहन करते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 81 बल्क लीटर विदेशी मदिरा और कार जब्त की गई। आरोपी रवि शातिर किस्म का तस्कर है और पूर्व में भी अवैध शराब के मामलों में पकड़ा जा चुका है।
पति की निशानदेही पर पत्नी भी गिरफ्तार; घर की 3 कारों में छिपा रखी थी शराब
आबकारी की गिरफ्त में आए आरोपी रवि से जब सख्त पूछताछ की गई, तो उसने अपनी पत्नी के भी इस पूरे काले कारोबार में बराबर की साझेदार होने का राज उगला। इसके तुरंत बाद आबकारी टीम ने रवि के विकासकुंज त्रिलंगा स्थित मकान पर छापा मारा। वहाँ उसकी पत्नी प्रीति के सीधे कब्जे से अवैध शराब की बोतलों से भरी पेटियां जब्त की गईं, जिसमें 411.75 लीटर शराब बरामद हुई। छापेमारी में खुलासा हुआ कि तस्कर दंपत्ति ने अपने घर के बाहर खड़ी तीन लग्जरी कारों में शराब की पेटियां छिपाकर रखी हुई थीं।
गिरोह के अन्य सदस्य भी दबोचे गए; 552.75 लीटर शराब और 4 कारें जब्त
पति-पत्नी से मिली जानकारी के आधार पर आबकारी विभाग ने गिरोह से जुड़े अन्य साथियों चंचल साहू और अनिकेत शाक्य का नाम उजागर किया। इसके बाद तुरंत चंचल के ठिकाने पर दबिश दी गई, वहीं बरखेड़ा इलाके से अनिकेत शाक्य को एक स्कूटी पर अवैध शराब की 6 पेटियां ले जाते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरी कार्रवाई में आबकारी विभाग ने कुल 552.75 लीटर अवैध विदेशी शराब, एक महिंद्रा थार सहित 4 कारें और 1 स्कूटी जब्त की है, जिसकी कुल बाजार कीमत 60 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
आगरा-ग्वालियर के रास्ते आती थी जहाजों वाली 'हाई-रेंज' शराब
आबकारी अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई मदिरा में विदेश निर्मित अत्यंत महंगी और 'हाई-रेंज' ब्रांड्स की बोतलें शामिल हैं। जांच में सामने आया कि यह शराब समुद्री जहाजों के माध्यम से भारतीय बंदरगाहों (Ports) तक पहुंचती है, जहाँ से इस पर नियमानुसार सरकारी टैक्स व लेबलिंग की जाती है। हालांकि, जब्त की गई बोतलों पर किसी भी राज्य का टैक्स-लेबल दर्ज नहीं था, जिससे यह साफ है कि यह पूरी तरह से कस्टम ड्यूटी चोरी और तस्करी की शराब है।
आशंका जताई जा रही है कि यह शराब अवैध रूप से आगरा और ग्वालियर के रास्तों से होती हुई भोपाल तक पहुँचाई जा रही थी। तस्कर अपनी कारों के जरिए शहर के बेहद रसूखदार कस्टमर्स को सीधे टारगेट करते थे। फिलहाल आबकारी विभाग सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरोह के मुख्य सरगना और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की तलाश में पूछताछ कर रहा है।




