भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल में हेलमेट चेकिंग के दौरान भाजपा नेताओं और ट्रैफिक पुलिस के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। मामूली बात देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष और ट्रैफिक थाना प्रभारी के बीच जमकर बहस हुई।


जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे भाजपा मंडल अध्यक्ष को रोक लिया। इस पर नाराज कार्यकर्ता ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय पंडित को फोन कर मौके पर बुला लिया। बताया जा रहा है कि टीआई संजय सूर्यवंशी ने फोन पर भाजपा नेता से बात करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मामला और गरमा गया।


कुछ ही देर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और ट्रैफिक पुलिस पर चौथ वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए। सड़क पर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस होती रही, जिससे वहां लोगों की भीड़ भी जुट गई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी राहगीर ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।


काफी देर तक चले विवाद के बाद ट्रैफिक पुलिस ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन चालक का चालान काट दिया। अंततः भाजपा नेता को भी चालान भरना पड़ा। घटना के बाद यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।