पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 16 वर्षीय बेसहारा नाबालिग किशोरी के साथ गन पॉइंट पर दुष्कर्म का प्रयास किया गया। जब आरोपी अपने नापाक इरादे पूरे नहीं कर सका तो उसने गुस्से में आकर किशोरी के सिर में गोली मार दी। गोली सिर के पिछले हिस्से में लगने से पीड़िता लहूलुहान हो गई।


पीड़िता एक अनाथ किशोरी है, जिसकी मां-बाप नहीं हैं। आरोपी छतरपुर जिले का रहने वाला है और पीड़िता के नाना का नाती तथा रिश्ते में भाई लगता है। घटना शुक्रवार की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। किशोरी अपने घर की छत पर सो रही थी, जबकि उसका दिव्यांग छोटा भाई और बूढ़ी दादी नीचे कमरे में सो रहे थे। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी छत पर पहुंचा और तमंचा दिखाकर शारीरिक शोषण का दबाव बनाया। साहसी नाबालिग जब उसके आगे नहीं झुकी और शोर मचाने लगी तो आरोपी ने उसके सिर में गोली दाग दी और मौके से फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही पीड़िता को लहूलुहान हालत में पन्ना के सिमरिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने सफल ऑपरेशन कर उसके सिर से गोली का हिस्सा निकाल लिया। फिलहाल पीड़िता की हालत स्थिर बताई जा रही है और वह होश में है तथा बातचीत भी कर पा रही है।


पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। दमोह कोतवाली पुलिस और पन्ना जिले की मोहन्द्रा चौकी पुलिस दोनों सक्रिय हैं। पीड़िता की शुरुआती पूछताछ में उसने आरोपी का नाम लिया है। मोहन्द्रा चौकी प्रभारी दीपक भदौरिया ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जाएगी।


यह घटना पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।