छतरपुर, संजय अवस्थी। मध्य प्रदेश संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के आह्वान पर जिला छतरपुर के लगभग 550 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर 2 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। यह धरना प्रदर्शन सीएमएचओ कार्यालय के समीप किया जा रहा है। हड़ताल के कारण जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और रिपोर्टिंग कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।


सभी कैडर के कर्मचारी हड़ताल में शामिल


संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष दीपेश नायक और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी ज्योति अहिरवार ने बताया कि इस हड़ताल में एएनएम, सीएचओ, नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट और डाटा ऑपरेटर सहित मैनेजिंग कैडर के सभी कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग और अन्य स्टाफ रीढ़ की हड्डी की तरह कार्य करता है, लेकिन सरकार उनकी उचित मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।


यह हैं प्रमुख मांगें


संविदा स्वास्थ्य नीति 2023 को पूर्ण रूप से लागू किया जाए। सभी कैडर के कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए। नियमित कर्मचारियों की भांति डीए और अन्य भत्ते प्रदान किए जाएं। सीएचओ कैडर के पीबीआई को सैलरी में मर्ज किया जाए और स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया जाए।


राहगीरों को पिलाया पानी, जताया अनूठा विरोध


हड़ताल के दौरान कड़कती धूप और गर्मी को देखते हुए संविदा कर्मचारियों ने एक सराहनीय और अनूठी पहल की। उन्होंने सीएमएचओ कार्यालय के पास से गुजरने वाले राहगीरों और आम जनता को रोककर ठंडा पानी पिलाया। कर्मचारियों का कहना है कि वे जनता को परेशान नहीं करना चाहते, लेकिन सरकार की बेरुखी के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है।


मांगें पूरी न होने पर सीएम हाउस घेराव की चेतावनी


संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 7 जून तक जिला स्तर पर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो 8 जून से पूरे मध्य प्रदेश के लगभग 32,000 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।