नागपुर। विदर्भ के बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 के एलीट ग्रुप-ए मुकाबले की एक ही पारी में 9 विकेट हासिल करते हुए अपना जलवा बिखेरा। हर्ष ने सोमवार को विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में यह कारनामा मध्य प्रदेश की पहली पारी में किया। इस पारी का पहला विकेट नचिकेत भूटे ने हासिल किया, जिसके बाद शेष 9 विकेट हर्ष ने चटकाए।
हर्ष रणजी ट्रॉफी की एक पारी में 9 विकेट लेने वाले विदर्भ के पहले गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले विदर्भ के लिए सबसे बेहतरीन गेंदबाजी का रिकॉर्ड अरुण ओगिराल के नाम था, जिन्होंने 1967-68 में 39 रन देकर 8 हासिल किए थे। दिलचस्प बात यह है कि वह प्रदर्शन भी मध्य प्रदेश के खिलाफ ही आया था। रणजी ट्रॉफी की एक पारी में 9 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में अब हर्ष दुबे 30वें स्थान पर आ गए हैं।
नागपुर में मध्य प्रदेश को 66.1 ओवरों में सिर्फ 209 रन पर समेटने के बाद विदर्भ ने दिन की समाप्ति तक 4 विकेट खोकर 56 रन बना लिए हैं। फिलहाल विदर्भ की टीम मध्य प्रदेश की पहली पारी से 153 रन पीछे है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी मध्य प्रदेश को महज 5 के स्कोर पर यश दुबे (5) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद चंचल राठौड़ (13) ने सक्षम पुरोहित (21) के साथ दूसरे विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम ने महज 64 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए।
यहां से सारांश जैन ने अर्थव महाजन के साथ छठे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 136 के स्कोर तक पहुंचाया। सारांश 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद अथर्व ने अरशद खान के साथ सातवें विकेट के लिए 30 रन जुटाए। अथर्व 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 85 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सारांश ने 34 रन की पारी खेली।
इस पारी में हर्ष दुबे ने 23.1 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 53 रन देकर 9 विकेट हासिल किए। इस दौरान 4 मेडन ओवर रहे। इनके अलावा, नचिकेत भूटे ने 46 रन देकर 1 विकेट चटकाया।
इसके जवाब में विदर्भ ने महज 8 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद ध्रुव शोरे ने रविकुमार समर्थ के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 रन जुटाकर टीम को 34 के स्कोर तक पहुंचा दिया।
समर्थ 29 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। टीम के खाते में सिर्फ एक ही रन जुड़ा था और दानिश मालेवार (0) भी पवेलियन लौट गए। यहां से ध्रुव शोरे ने कप्तान अक्षय वाडकर के साथ पांचवें विकेट के लिए 21 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को संभाला।
फिलहाल शोरे 21 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि अक्षय ने टीम के खाते में 9 रन जोड़ लिए हैं। विपक्षी खेमे से कुमार कार्तिकेय 23 रन देकर 3 विकेट हासिल किए हैं। अवेश खान ने 1 विकेट अपने नाम कर लिया है।
















