मुंबई। अक्षय कुमार और सैफ अली खान लंबे समय बाद एक साथ पर्दे पर नजर आने वाले हैं। उनकी आने वाली फिल्म 'हैवान' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसका निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर शुरू से आखिर तक सस्पेंस, डर और बदले से भरा हुआ है। इसमें अक्षय कुमार खतरनाक अंदाज में नजर आ रहे हैं, जबकि सैफ अली खान एक ऐसे किरदार में हैं, जो देख नहीं सकता, लेकिन अपनी समझ और हिम्मत के दम पर खूंखार दुश्मन का सामना करता है। ट्रेलर ने फिल्म की कहानी को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।करीब 2 मिनट 34 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत ही एक डरावने माहौल से होती है। शहर में एक अजीब तरह का डर फैला हुआ दिखाई देता है। लोगों के बीच किसी ऐसे शख्स को लेकर दहशत है जो लगातार वारदात कर रहा है। ट्रेलर में कई ऐसे सीन्स आते हैं, जिनसे पता चलता है कि इसके पीछे कोई बड़ी और पुरानी कहानी भी छिपी हो सकती है। जैसे-जैसे ट्रेलर आगे बढ़ता है, कहानी का रहस्य और गहरा होता जाता है।
इसके बाद सैफ अली खान के किरदार की एंट्री होती है। सैफ एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं, जिसकी आंखों की रोशनी नहीं है। इसके बावजूद, उनका किरदार कमजोर नजर नहीं आता। वह आसपास की आवाजों और अपने दिमाग का इस्तेमाल करके परिस्थितियों को समझने की कोशिश करता है। ट्रेलर में उनके चेहरे पर डर, परेशानी और सवाल साफ दिखाई देते हैं। एक समय पुलिस उन्हें गिरफ्तार भी करती नजर आती है। यहां से कहानी और उलझ जाती है कि आखिर सैफ का किरदार इस पूरे मामले में पीड़ित है, गवाह है या फिर उसके पीछे कोई और राज छिपा है।
ट्रेलर का सबसे बड़ा मोड़ तब आता है जब अक्षय कुमार की एंट्री होती है। अक्षय इस बार अपने आम हीरो वाले अंदाज से बिल्कुल अलग दिखाई दे रहे हैं। उनके किरदार में डर और खूंखार पना हैं। वह कई जगह बेहद आक्रामक दिखाई देते हैं।
ट्रेलर में अक्षय और सैफ के किरदारों के बीच एक तरह की चूहे-बिल्ली की लड़ाई दिखाई गई है, जिसमें दोनों एक-दूसरे को मात देने की कोशिश करते नजर आते हैं।
ट्रेलर में एक्शन के साथ सस्पेंस पर भी काफी जबरदस्त दिया गया है। कई सीन्स देखकर ऐसा लगता है कि अब कहानी का राज खुल जाएगा, लेकिन अगले ही पल कोई नया सवाल सामने आ जाता है। बैकग्राउंड म्यूजिक पूरे माहौल को और डरावना बनाता है।
फिल्म में अक्षय और सैफ के अलावा सैयामी खेर, बोमन ईरानी, शारिब हाशमी, राजपाल यादव और राजेश शर्मा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में सैयामी पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखाई देती हैं, जबकि बोमन ईरानी जज की भूमिका में नजर आ रहे हैं।
'हैवान' का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। इसे 2016 में आई मलयालम फिल्म 'ओप्पम' का हिंदी रीमेक बताया जा रहा है, हालांकि उपलब्ध जानकारी के मुताबिक मेकर्स की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।




