भोपाल(जीतेन्द्र यादव)। मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने बड़े विभागों के लंबित बिजली बिलों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि छोटे उपभोक्ताओं का यदि एक दिन भी बिजली बिल का भुगतान लेट हो जाए तो उनका कनेक्शन तत्काल काट दिया जाता है, जबकि बड़े बकायेदारों पर सरकार पूरी तरह मेहरबान बनी हुई है।
पीसी शर्मा ने कहा कि सरकार को सबसे पहले बड़े विभागों और संस्थानों के बकाया बिजली बिलों का भुगतान करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द इस दिशा में कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर आंदोलन करेगी और विधानसभा के आगामी सत्र में भी इसे प्रमुखता से उठाएगी।
कांग्रेस के संगठनात्मक अभियानों को लेकर उठ रहे सवालों पर भी पूर्व मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पार्टी पूरे प्रदेश में संगठन सृजन अभियान चला रही है, जिसके तहत पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम का अपना निर्धारित समय होता है और उसी के अनुसार अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
पीसी शर्मा ने कहा कि पंचायत समितियों का गठन पूरा होने के बाद कांग्रेस प्रदेशभर में जमीनी स्तर पर जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक अभियान शुरू करेगी।




