चित्रकूट/सतना, अंबिका केशरी। धर्मनगरी चित्रकूट में सोमवार को एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सती अनुसूइया मंदिर मार्ग स्थित जंगल में सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। युवक की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने चित्रकूट-सतना मार्ग से लगभग दो किलोमीटर अंदर जंगल क्षेत्र में एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चित्रकूट एसडीओपी राजेश बंजारे एवं थाना प्रभारी गिरिजाशंकर बाजपेई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। हालांकि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में जानकारी जुटाकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम सक्रिय हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शव की पहचान होने के बाद हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

