इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में दो युवतियों की दोस्ती और साथ रहने की इच्छा को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक युवती ने अपनी सहेली के परिजनों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार स्वाति नामक युवती ने नितेश, उमेश, कृष्णा और नेहा के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि उसकी एक युवती से पिछले पांच वर्षों से दोस्ती है और दोनों साथ रहना चाहती हैं। इसी बात को लेकर सहेली के परिजन लगातार विरोध कर रहे थे।


शिकायत में बताया गया है कि दोनों युवतियां मार्च माह में वैष्णो देवी, मथुरा, जम्मू-कश्मीर और हरिद्वार की यात्रा पर गई थीं। इसके बाद सहेली के पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने उनके रिश्ते पर आपत्ति जताना शुरू कर दिया। आरोप है कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे आरोपी उसके घर पहुंचे और विवाद करने लगे।


पीड़िता के अनुसार विवाद के दौरान उमेश ने उसका सिर दीवार से टकरा दिया, जबकि अन्य आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसे घर से बाहर सड़क पर लाकर भी पीटा। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात भी सामने आई है।


स्वाति ने बताया कि वह और उसकी सहेली पहले भी पुलिस कमिश्नर से मिलकर सुरक्षा और साथ रहने की अनुमति की मांग कर चुकी हैं। उनकी शिकायत महिला थाने को भेजी गई थी। पीड़िता का आरोप है कि वहां उन्हें अलग रहने की सलाह दी गई थी। बाद में सहेली को उसके परिजन अपने साथ ले गए थे, लेकिन वह दोबारा स्वाति के पास लौट आई।


मारपीट की घटना के बाद दोनों युवतियों ने अपनी जान को खतरा बताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई और सोमवार को डीसीपी जोन-4 कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।