रिमोट अटेंडेंस का खेल पकड़ा गया, 62 कर्मचारियों की सैलरी पर लगी रोक

Advertisement
सतना,अंबिका केशरी। जिले के स्वास्थ्य विभाग में उपस्थिति को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के 62 कर्मचारियों द्वारा रिमोट अटेंडेंस लगाए जाने का मामला सामने आने के बाद फरवरी माह का मानदेय रोक दिया गया है। यह कार्रवाई सार्थक एप के माध्यम से दर्ज उपस्थिति की जांच के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार जांच में पाया गया कि कई कर्मचारी वास्तविक कार्यस्थल पर उपस्थित हुए बिना अन्य स्थानों से ही मोबाइल एप के जरिए उपस्थिति दर्ज कर रहे थे। इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मनोज शुक्ला ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कर्मचारियों का फरवरी माह का मानदेय रोक दिया है और सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा कर्मचारियों की उपस्थिति को पारदर्शी बनाने के लिए सार्थक एप को अनिवार्य किया गया है, जो जीपीएस आधारित लोकेशन ट्रैकिंग के माध्यम से वास्तविक स्थान से उपस्थिति दर्ज करता है। फरवरी 2026 की उपस्थिति रिपोर्टों की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि कई कर्मचारियों ने महीने के अधिकांश दिनों में अपने निर्धारित कार्यस्थल से दूर रहकर रिमोट अटेंडेंस लगाई।
मानदेय रोके गए कर्मचारियों में डॉ. प्रदीप गौतम, डॉ. प्रणेश तिवारी, डॉ. इशिता सिंह, डॉ. रितेश सिंह, डॉ. सागर गुप्ता सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार कर्मचारियों से प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
