मुंबई। गायिका नूर चहल का हाल ही में नया गाना 'मेरे वरगी' रिलीज हो गया है। गायिका का कहना है कि उनका यह गाना महिलाओं की ऊर्जा, उनके आत्मविश्वास और तैयार होने की खुशी को दर्शाता है।
नूर चहल ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा कि गाने के वीडियो में बताया गया है कि हर महिला अपने आप में खास है और सभी को अपनी खूबसूरती को अपनाना चाहिए और उसे खुलकर दिखाना चाहिए।
उन्होंने कहा, "मेरा नया गाना 'मेरे वरगी' हाल ही में रिलीज हो गया है। इसमें बहुत सारी एनर्जी, बहुत सारी खुशी है और मुझे यकीन है कि जब हमारे दर्शक इस गाने को सुनेंगे, तो बहुत डांस करेंगे, जितना मैं करती हूं और हमारा म्यूजिक वीडियो भी इसी सोच पर बना है। उदाहरण के तौर पर जैसे कि कोई लड़की कह रही है कि उसके जैसा कोई नहीं है, क्योंकि हर लड़की अलग है, हर इंसान अलग है। ये गाना अपनी अलग पहचान का जश्न मनाता है और अपनी खूबसूरती को खुलकर दिखाने के बारे में बताता है।"
उन्होंने गाने के पीछे की प्रोसेस के बारे में बात करते हुए कहा, "मैं एक ऐसा गाना बनाना चाहती थी, जिस पर महिलाएं वाइब कर सकें, पूरी तरह खुलकर डांस कर सकें। मैं भी उसी भावना में थी और मैंने ये लिरिक्स लिखे, जिसमें देसीपन, शुद्ध पंजाब की संस्कृति निहित है। जैसे इसमें 'सरोंदे रंग दी जुट्टी' की बात है, मतलब गोल्डन रंग की जुट्टी। बस ऐसे ही ये गाना मेरे दिमाग में आया और फाइनल प्रोडक्ट ने मुझे भी सरप्राइज कर दिया, क्योंकि ये सच में बहुत-बहुत अच्छा बना है।"
नूर चहल अपनी सिंगिंग जर्नी के बारे में कहती हैं, "अगर मेरी सिंगिंग की शुरुआत की बात करूं, तो मैंने स्कूल के समय से ही गाना शुरू कर दिया था। मैंने कभी इसे प्रोफेशन बनाने के बारे में सोचा ही नहीं था, क्योंकि आपको पता ही नहीं होता कि सिंगर बनने की शुरुआत कहां से करें, किस लेबल से बात करें, पहला कदम क्या हो। इसलिए मैंने इसे प्रोफेशनली नहीं लिया था, लेकिन फिर लॉकडाउन आ गया और मेरे पास बहुत सारा समय था। मैंने वीडियो बनाना शुरू किया और उन वीडियो को लोगों का बहुत प्यार मिला और आज मैं यहां हूं। बस ऐसे ही मेरी गायिकी का सफर रहा और एक्टिंग की बात करूं, तो इसमें मैनेज करने जैसा कुछ नहीं है, क्योंकि मुझे दोनों से ही प्यार है।"















