देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास बग्वाल (बूढ़ी दीपावली) की बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। इसके साथ ही अपील की कि अपनी लोक परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प लें। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी इगास पर्व की बधाई दी हैं।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर वीडियो संदेश में कहा, "समस्त प्रदेशवासियों को हमारी लोक संस्कृति, आस्था और गौरवशाली परंपराओं के प्रतीक लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। लोकपर्व इगास-बग्वाल हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की पहचान का प्रतीक है। ये पर्व हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की प्रेरणा देता है।"
उन्होंने कहा, "हमारे गांवों में दीपों की रोशनी, भेलो की उमंग और लोकगीतों की मधुर गूंज के साथ इस पर्व को खास बनाता है। अपनों के साथ मिलकर उत्सव मनाने की परंपरा विशेष बनाती है। यह पर्व हमें अपने गांव, मिट्टी और अपने लोगों के प्रति प्रेम का अहसास कराता है।"
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "मैं जानता हूं कि बहुत से लोग रोजगार व अन्य कारणों से अपने गांव से दूर रहते हैं। त्योहारों पर उन्हें अपने घर, माता-पिता, गांव और बचपन की यादें जरूर आती होंगी। ऐसे लोग जहां भी रहें, वहां अपनी मिट्टी और संस्कृति से जुड़े रहिए। अपने पहाड़ से जुड़ाव ही सबसे बड़ी ताकत है। आइए इस इगास पर अपने बुजुर्गों का आशीर्वाद लें, बच्चों को अपनी परंपराओं से जोड़ें और यह प्रयास करें कि गांव खुशहाल बनें। हमारे खेत-खलिहान आबाद रहें और हमारी लोक संस्कृति आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचती रहे। भगवान बद्री विशाल और बाबा केदारनाथ से प्रार्थना है कि उत्तराखंड के हर घर में सुख-शांति बनी रहे।"
गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा, "देवभूमि उत्तराखंड के बहनों-भाइयों को ‘इगास’ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं को समर्पित यह पर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, "देवभूमि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं के प्रतीक पावन पर्व इगास की सभी उत्तराखण्ड वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बाबा केदारनाथ से प्रार्थना है कि यह पर्व सभी के जीवन में नई उमंग, नई चेतना और सुख-समृद्धि लेकर आए।"
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ने भी उत्तराखंडवासियों को इगास की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा, "हमारी पहाड़ी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के लिए अपने त्योहारों को पूर्ण उत्साह के साथ मनाने की जरूरत है। मुझे बेहद खुशी है कि दुनिया भर में उत्तराखंड के लोग इस त्योहार को हर्ष और उल्लास के साथ मना रहे हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इगास सबके जीवन में सुख-समृद्धि लेकर आए।"
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने एक्स पर लिखा, ''समस्त देशवासियों एवं राज्यवासियों को उत्तराखंड की समृद्ध एवं गौरवशाली संस्कृति के प्रतीक लोकपर्व इगास/बूढ़ी दीवाली की बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।''
















