सांदीपनि विद्यालय में शिक्षकों के बीच मारपीट, प्राचार्य कक्ष में तोड़फोड़

Advertisement
सागर,जीशान खान। शहर के सांदीपनि विद्यालय में उस समय हंगामा हो गया, जब पारिवारिक विवाद को लेकर विद्यालय के प्राचार्य और एक शिक्षक आमने-सामने आ गए। पहले हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इस दौरान प्राचार्य कक्ष में रखे दस्तावेज़ और फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचा। अन्य शिक्षकों के हस्तक्षेप से स्थिति को किसी तरह शांत कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय के प्राचार्य विनय दुबे परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान माध्यमिक शिक्षक आदित्य पांडेय से स्कूल गेट के पास उनकी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति बन गई।
प्राचार्य ने लगाए गंभीर आरोप
प्राचार्य विनय दुबे ने गोपालगंज थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि शिक्षक आदित्य पांडेय उनके पीछे-पीछे कार्यालय तक पहुंचे और वहां अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि इस दौरान मोबाइल फोन फेंका गया, जो शिक्षक शीतल जैन को जा लगा। प्राचार्य के अनुसार, कार्यालय में रखे शासकीय दस्तावेज़ फाड़ दिए गए और कुर्सियों को लात मारकर गिरा दिया गया। घटना के समय अन्य शिक्षक भी मौके पर मौजूद थे।
शिक्षक ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं, शिक्षक आदित्य पांडेय ने प्राचार्य द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को झूठा बताया है। उनका कहना है कि वे समय पर विद्यालय पहुंचते हैं और नियमित रूप से अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं। आदित्य पांडेय के अनुसार, उनकी भतीजी द्वारा प्राचार्य और उनके परिजनों के खिलाफ पूर्व में दर्ज कराए गए मामले को लेकर उन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से झूठी शिकायतें की जा रही हैं।
शिक्षक का आरोप है कि शनिवार को प्राचार्य देरी से विद्यालय पहुंचे थे। जब उनसे इसका कारण पूछा गया और वीडियो रिकॉर्डिंग की गई, तो उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया और उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
दोनों पक्षों की शिकायत के बाद गोपालगंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
