सागर, जीशान खान। ग्राम पंचायत स्तर पर लागू किए गए सार्थक (Sarthak) मोबाइल ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था में संशोधन की मांग को लेकर सागर जिले के बंडा एवं शाहगढ़ ब्लॉक के पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायकों ने विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि मध्य प्रदेश में फिलहाल केवल सागर जिले में ही इस ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था लागू की गई है, जिससे फील्ड में कार्य करने वाले कर्मचारियों को कई व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


सचिवों एवं रोजगार सहायकों ने बताया कि उनका कार्य पूरी तरह फील्ड आधारित है। उन्हें सुबह 8 बजे से ही निर्माण कार्यों का निरीक्षण, पंचायत दर्पण अपडेट, जियो-टैगिंग, एमएमएस मॉनिटरिंग तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े कार्य करने होते हैं। ऐसे में एक निश्चित स्थान और समय पर मोबाइल ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने की अनिवार्यता के कारण उनके नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं।


ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रशिक्षण, विभागीय बैठकों, तहसील, जनपद पंचायत, जिला पंचायत, बैंक, थाना एवं अन्य शासकीय कार्यालयों में आवश्यक कार्यों के दौरान भी ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराना कई बार संभव नहीं हो पाता। इससे कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।


कर्मचारियों ने विधायक से मांग की कि सार्थक ऐप की उपस्थिति व्यवस्था में व्यावहारिक संशोधन कराया जाए, ताकि पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक बिना किसी बाधा के शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर सकें और फील्ड कार्य भी समय पर पूरा हो सके। विधायक ने उनकी मांग पर उचित स्तर पर विचार कराने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान बंडा एवं शाहगढ़ ब्लॉक के बड़ी संख्या में पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।