मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिला अस्पताल में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विवाद सामने आया है। यहां एक महिला सिक्योरिटी गार्ड द्वारा मरीज के परिजनों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।


जानकारी के अनुसार, मरीज का टिफिन देने अस्पताल पहुंचे परिजनों और महिला सिक्योरिटी गार्ड के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला गार्ड ने परिजनों के साथ मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिला अस्पताल में सिक्योरिटी गार्डों और मरीजों के परिजनों के बीच विवाद की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। आए दिन होने वाले ऐसे विवादों से अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।


वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।