अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। अजयगढ़ थाना क्षेत्र के लोढ़ापुरवा गांव की रहने वाली बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा भीना गांव निवासी एक युवक की ब्लैकमेलिंग और लगातार प्रताड़ना से परेशान थी, जिसके चलते उसने दो दिन पहले जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी।
छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने आरोपी युवक पर ब्लैकमेल करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में अजयगढ़ थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा द्वारा मौत से पहले लिखा गया सुसाइड नोट, मोबाइल चैटिंग के रिकॉर्ड तथा छात्रा द्वारा बनाया गया एक वीडियो प्राप्त किया। इन महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी युवक छात्रा को लगातार ब्लैकमेल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
पुलिस ने एक दिन के भीतर पर्याप्त साक्ष्य जुटाकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि छात्रा की आत्महत्या के बाद ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों में आक्रोश व्याप्त था। संगठनों द्वारा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग लगातार की जा रही थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने मामले में न्याय की उम्मीद जताई है।

