छतरपुर, ​शिवम सोनी। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नदगांय बट्टन में पुरानी रंजिश के चलते एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने और उसका स्तन काटे जाने सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया गया है कि कोर्ट में केस जीतने की रंजिश को लेकर किए गए इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नन्हीबाई अहिरवार उम्र 60 वर्ष पत्नी खोखा अहिरवार का गांव के ही कुछ लोगों से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह मामला न्यायालय में भी लंबित था, जिसमें हाल ही में फैसला बुजुर्ग महिला के पक्ष में आया था। अदालत में केस हारने के बाद से ही आरोपी पक्ष महिला और उसके परिवार से रंजिश रखने लगा था। पीड़ित महिला ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे जब वह अपने घर पर थी, तभी गांव के संतोष अहिरवार, शंकर अहिरवार, बब्बू अहिरवार और पूरा अहिरवार ने घात लगाकर उन पर कथित रूप से हमला बोल दिया।

इस दौरान आरोपियों ने उन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए। इतना ही नहीं आरोपियों ने इसी दौरान उनका एक स्तन भी काट डाला। चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कराया गया है। वर्तमान में अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में महिला का उपचार चल रहा है।