सशक्त महिला, समृद्ध राष्ट्र: महिला अधिकारों के प्रति एक एकजुट पहल।

Advertisement
मैहर, पुष्पेंद्र कुशवाहा । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मैहर जिले में महिलाओं को जागरूक करने और उनके अधिकारों के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से रविवार को महिला जागरूकता रैली निकाली गई। रविवार सुबह करीब 10 बजे मैहर स्थित विश्राम गृह से रैली की शुरुआत हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
यह रैली विश्राम गृह से निकलकर एसबीआई चौराहा, घंटाघर, अलाउद्दीन तिराहा और जेल तिराहा होते हुए रीवा रोड स्थित सरना पैलेस तक पहुंची। रैली के दौरान महिलाओं ने विभिन्न जागरूकता संदेशों के माध्यम से समाज को महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और समान अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य, महिला सरपंच, सशक्त वाहिनी की प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना और समाज में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है। महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस रैली के माध्यम से महिलाओं की एकता और सशक्तिकरण का संदेश पूरे शहर में दिया गया।


