छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर स्थित कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेवादल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना रहा।
इस अवसर पर प्रदेश महिला सेवादल अध्यक्ष संगीता कांकरिया ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस सेवादल पार्टी की रीढ़ है और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कांग्रेस की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
सम्मेलन के दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की विचारधारा और जनहितकारी मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिले एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। सम्मेलन का समापन संगठनात्मक मजबूती और आगामी गतिविधियों को लेकर रणनीति तय करने के साथ हुआ।

