छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। एम्बुलेंस चालक के साथ मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में देहात थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों का शहर के व्यस्ततम परासिया नाका क्षेत्र में पैदल जुलूस निकाला। हथकड़ी लगाए आरोपियों को पुलिस बाजार क्षेत्र में पैदल लेकर पहुंची, जहां लोगों की भीड़ भी जुट गई।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को विवांता अस्पताल के सामने एम्बुलेंस चालक मुन्ना पवार को आरोपियों ने कथित तौर पर अगवा कर लिया था। इसके बाद उसे रानीकामठ ग्राउंड ले जाकर मारपीट की गई और उसके पास से 12 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, बैटरी और ऑक्सीजन सिलेंडर लूट लिया गया था।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभिषेक चौकसे और सतीश डेहरिया को गिरफ्तार किया। घटना में इस्तेमाल की गई करीब 2 लाख 35 हजार रुपये कीमत की वर्ना कार भी पुलिस ने जब्त की है।
आरोपियों का जुलूस निकालने के दौरान देहात थाना प्रभारी जी.एस. राजपूत ने अपराधियों को सख्त संदेश दिया। पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई को बदमाशों के खिलाफ सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, जुलूस के जरिए पुलिस ने शहर में अपराध करने वालों को कानून का भय बनाए रखने का संदेश देने की कोशिश की है।




